
रतलाम/जनवकालत न्यूज। जिलेभर में स्वाधीनता की 79वीं वर्षगांठ अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह व जिलेवासियों को राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर जिले की उपलब्धियों पर आधारित ‘विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण भी किया गया।



परेड निरीक्षण, मार्चपास्ट और हर्ष फायर-
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि कलेक्टर कटेसरिया ने खुली जीप में सवार होकर परेड का विधिवत निरीक्षण किया। तत्पश्चात एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी, जिला पुरुष पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन तथा विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं भव्य मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया तथा शांति, समृद्धि एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे व रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण और उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान-
समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और विद्यार्थियों ने सुना। इसके बाद कलेक्टर ने शासन का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। मुख्य अतिथि द्वारा लोकतंत्र सेनानियों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही वर्षभर उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

परेड एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम-
समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
परेड प्रतियोगिता: एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी ने प्रथम, जिला पुलिस बल रतलाम ने द्वितीय और मॉर्निंग स्टार हाई स्कूल एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- परेड प्रतियोगिता: एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी ने प्रथम, जिला पुलिस बल रतलाम ने द्वितीय और मॉर्निंग स्टार हाई स्कूल एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रतियोगिता: शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय ने प्रथम, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल ने द्वितीय एवं मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। सभी विजेता दलों और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि तथा अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित-
इस गरिमामयी राष्ट्रीय उत्सव में नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय एवं विप्लव जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, निगमायुक्त अनिल भाना सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, लोकतंत्र सेनानी, शिक्षक, बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।
