रतलाम: मां अंबे रक्तदान मंडल के तत्वाधान में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न, 201 यूनिट रक्त एकत्रित…

1002727556

रतलाम/जनवकालत न्यूज। मानव सेवा और परोपकार के संकल्प के साथ मां अंबे रक्तदान मंडल के तत्वाधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में नगर के रक्तदाताओं, समाजसेवियों और विशेष रूप से युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दिनभर चले इस पुनीत कार्य में रक्तदाताओं के उत्साह और सहयोग के फलस्वरूप कुल 201 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

शिविर की शुरुआत मां अंबे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। सुबह से ही आयोजन स्थल पर रक्तदान करने वालों का तांता लगना शुरू हो गया था। शिविर में पहली बार रक्तदान करने वाले नवयुवकों के साथ-साथ नियमित रूप से रक्तदान करने वाले अनुभवी रक्तदाताओं ने भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस महादान में आहुति दी। महिला रक्तदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक आगे आकर इस सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।विशेषज्ञ चिकित्सकों और ब्लड बैंक की तकनीकी टीम ने पूरी सतर्कता और स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए रक्त संग्रहण का कार्य संपन्न कराया। रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक देखरेख और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी।

आयोजकों द्वारा रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाने हेतु उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंडल के पदाधिकारियों ने शिविर की सफलता पर शहर के सभी जागरूक नागरिकों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को नया जीवन दे सकता है। शिविर में कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और मंडल के इस सेवाभावी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Read Also