कस्तुरबा नगर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन: संगीतमय ज्ञान गंगा में गोते लगा रहे श्रद्धालु…

1002436881

रतलाम/जनवकालत न्यूज। अध्यात्म और पुण्य लाभ के पावन काल ‘पुरुषोत्तम मास’ (अधिकमास) के उपलक्ष्य में शहर के कस्तूरबा नगर में भक्ति की रसधार बह रही है। कस्तूरबा नगर की गली क्रमांक 6 में स्थित प्रसिद्ध समाजसेवी जितेंद्र चौहान के निवास स्थान पर भव्य श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है और चौहान परिवार के निवास पर प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।

कथाव्यास हितेंद्र जोशी के मुखारविंद से बरस रही अमृत वर्षा-

आयोजन के तहत सुप्रसिद्ध कथाव्यास पंडित हितेंद्र जोशी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा की अमृतमयी वर्षा की जा रही है। कथा के प्रथम दिन से ही उन्होंने अपने भजनों और मर्मस्पर्शी प्रसंगों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। पंडित जोशी ने भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुरुषोत्तम मास में भागवत कथा का श्रवण अनंत गुना फलदाई होता है। यह जीव को मोक्ष का मार्ग दिखाती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।

13 जून तक चलेगा भक्ति का महापर्व (समय: दोपहर 3 से शाम 6 बजे)-

इस सात दिवसीय भव्य आयोजन की शुरुआत 7 जून से हो चुकी है, जो आगामी 13 जून तक अनवरत जारी रहेगी। चौहान परिवार एवं समस्त कॉलोनी वासियों के सहयोग से आयोजित इस कथा का समय प्रतिदिन सायं काल 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रखा गया है। दोपहर बाद शुरू होने वाली इस कथा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और प्रबुद्ध जन शामिल होकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।

चौहान परिवार ने की धर्मप्रेमियों से अपील-

मुख्य यजमान और समाजसेवी जितेंद्र चौहान ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराने का सौभाग्य अत्यंत दुर्लभ होता है। उन्होंने कस्तूरबा नगर सहित शहर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे प्रतिदिन समय पर पधारकर कथा श्रवण करें, भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस दिव्य ज्ञान गंगा का लाभ उठाकर अपने जीवन को कृतार्थ करें।

कथा के दौरान प्रतिदिन भगवान के विभिन्न अवतारों की आकर्षक झांकियां भी सजाई जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आरती के पश्चात प्रतिदिन प्रसादी का वितरण भी किया जा रहा है।

Read Also