रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.70 करोड़ के मशरूके के साथ 2.50 किलो MD ड्रग्स जब्त, तस्कर जंगल में कार छोड़कर फरार…

WhatsApp Image 2026 08 25 at 6.20.05 PM

रतलाम/जनवकालत न्यूज। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कालूखेड़ा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक लावारिस हालत में मिली हुंडई क्रेटा कार से करीब 2.495 किलोग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स की खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 20 लाख रुपये मूल्य की कार सहित पुलिस ने कुल 2.70 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया है।

नाकाबंदी तोड़कर भागे आरोपी, पुलिस ने बीहड़ों में किया पीछा-

चौकी मावता (थाना कालूखेड़ा) प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाकरखेड़ी निवासी लखन मीणा अपने तीन अन्य साथियों के साथ काले रंग की क्रेटा कार (क्रमांक RJ 27 CP 3608) में भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की तरफ से मावता होते हुए रियावन जाने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने पंचों को साथ लेकर रानीगांव फंटे पर घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखी, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए कार को रियावन की ओर दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया। आरोपी कार को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर के बीहड़ एवं कच्चे रास्ते की ओर ले गए। रास्ता अत्यंत उबड़-खाबड़ होने के कारण आरोपी बिलंदपुर-चिपिया के जंगलों में कार छोड़कर घने अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए भाग निकले। पुलिस ने आसपास के खेतों और जंगलों में सर्चिंग की, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे।

सीट के नीचे मिली 2.50 करोड़ की ड्रग्स, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज-

पुलिस ने मौके पर पंचों के समक्ष लावारिस हालत में खड़ी क्रेटा कार की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान चालक सीट के नीचे एक हरे रंग की कपड़े की थैली बरामद हुई, जिसके भीतर तीन पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट मिले। पैकेटों में हल्के भूरे रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ भरा हुआ था, जिसकी रासायनिक जांच करने पर वह उच्च गुणवत्ता का एमडी ड्रग्स पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर कुल मात्रा 2 किलो 495 ग्राम निकली। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी लखन मीणा, कार चालक और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ थाना कालूखेड़ा में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस-

रतलाम पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रग्स की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन खरीदारों तक पहुंचाया जाना था। इस पूरी कार्रवाई में कालूखेड़ा थाना प्रभारी शंकरसिंह चौहान, मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर, प्रधान आरक्षक विजय निनामा, आरक्षक यशवंत जाट, नितीन जोशी, हिम्मतसिंह चौहान, पवन जाट, कमलेश बुनकर, राजपालसिंह, अनिल पाटीदार, लक्ष्मणसिंह और महिला आरक्षक योगिता की सराहनीय भूमिका रही।

Read Also