
रतलाम / जावरा /जनवकालत न्यूज़ | महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 28 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 52 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को मात्र पोषण वितरण तक सीमित न रखकर उन्हें शिक्षा, संस्कार और सम्मान के सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभांरंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से कन्या पूजन कर बालिकाओं का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वार्ड पार्षद शिवेंद्र माथुर, बाबूलाल मईडा और वरिष्ठ भाजपा नेता अभय कोठारी ने आंगनवाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मिलकर परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों को पौष्टिक फल-फ्रूट और आकर्षक उपहार वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान तैर गई।
समारोह को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद शिवेंद्र माथुर ने कहा कि आज के समय में आंगनवाड़ी केंद्र बाल विकास की नींव हैं। ये केंद्र केवल पोषण आहार देने का स्थान नहीं हैं, बल्कि यहां बच्चों को बुनियादी शिक्षा, बेहतर संस्कार और सर्वांगीण विकास का माहौल मिलता है। इन केंद्रों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संपूर्ण समाज की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

वरिष्ठ भाजपा नेता अभय कोठारी ने सफल आयोजन पर बधाई देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। वहीं पार्षद बाबूलाल मईडा ने उपस्थित नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीता चावला और दायमा आंटी सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में मातृशक्ति और बच्चे मौजूद रहे। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और बच्चों के उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा और संस्कारों का केंद्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीता चावला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
