रतलाम : डॉक्टर्स डे पर स्व. अश्विनी शर्मा की स्मृति में होगा मेगा ब्लड डोनेट कैंप…

1002517105

रतलाम/जनवकालत न्यूज। स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की पुण्य स्मृति में डॉक्टर्स-डे पर 1 जुलाई 2026 को रतलाम (Ratlam) जिला अस्पताल के फीवर क्लिनिक में मेगा ब्लड डोनेट कैंप आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रतलाम तथा मध्यप्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा और रक्तदान का क्रम दोपहर 3 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में रतलाम जिला कलेक्टर मीशा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजकों ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।

आयोजकों का कहना है कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और अस्पतालों में प्रतिदिन अनेक मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जान बचाने का माध्यम है, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रतलामवासी बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश देंगे।

Read Also