
रतलाम/जनवकालत न्यूज। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रखर विचारक, लेखक, कवि और वरिष्ठ पत्रकार बंशीलाल गांधी का निधन हो गया है। उनके निधन के समाचार से प्रदेश के राजनीतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर छा गई है।



बंशीलाल गांधी का राजनीतिक और सामाजिक जीवन अत्यंत प्रभावशाली रहा। वे मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के महासचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य रहे। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के चेयरमैन पद का दायित्व भी कुशलतापूर्वक निभाया। वर्ष 1977 के आम चुनाव में वे मंदसौर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के अधिकृत सांसद प्रत्याशी रहे थे।

राजनीति के साथ-साथ पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में भी उनका अमूल्य योगदान रहा। वे नई दिल्ली से प्रकाशित ‘सांध्य समाचार’ के संपादक रहे और उन्होंने एक युवा पत्रकार के रूप में जर्मनी तथा रूस में भारत का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया था। वे एक संवेदनशील कवि, प्रखर लेखक और गहरे चिंतक के रूप में भी जाने जाते थे।

उनकी अंतिम यात्रा दिनांक 27 अगस्त 2026 को प्रातः 9:30 बजे उनके निज निवास 365/12 विक्रम नगर से त्रिवेणी मुक्तिधाम जाएगी, जहां उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, साहित्यकार, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उन्हें अपनी अंतिम विदाई देंगे। उनके निधन पर प्रदेश भर के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
